जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्र में रविवार को हुए सड़क हादसों में किशोर समेत दो लोगों की मौत हो गई। जबकि बुजुर्ग समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जहांगीरगंज थाना अंतर्गत फत्तेपुर गांव निवासी मुन्ना मौर्य का 15 वर्षीय पुत्र मानस रविवार सुबह साइकिल से सब्जी व अन्य घरेलू सामान लेने के लिए माडरमऊ बाजार जा रहा था। खरगपुर बाजार के निकट तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
गंभीर रूप से घायल मानस की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। लोग घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। बड़ी संख्या में लोगों को अपनी तरफ आता देख चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग खड़ा हुआ। कुछ लोगों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली।
बताया जाता है कि घटनास्थल से कुछ दूर पर जेसीबी से हो रही खोदाई के बाद मिट्टी ढोने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली लगी हुई थी। इसी बीच यह घटना हो गई। एसओ नीरज राय ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसओ ने बताया कि मृतक के पिता मुन्ना की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है। अहिरौली थाना अंतर्गत टीकमपारा फत्तेपुर गांव निवासिनी रीता यादव (27) पत्नी सकलदेव रविवार सुबह अपने मायके जलालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ताराखुर्द से बाइक द्वारा अपने एक रिश्तेदार से साथ जा रही थी।
मरैला बाजार के निकट उसका रिश्तेदार होटल पर चाय पीने चला गया। वह बाइक के निकट खड़ी चाय पी रही थी। इसी बीच अकबरपुर की तरफ से जा रहे तेज रफ्तार पिकअप ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। आननफानन गंभीर रूप से घायल रीता को जिला अस्पताल ले जाया गया।
जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिवारीजनों में रोना-पीटना मचा हुआ है। कोतवाल महेंद्र ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।
उधर अकबरपुर थाना अंतर्गत रगडग़ंज बाजार निवासी जगजीवन 40 पुत्र भरतलाल शनिवार देर शाम बाजार के निकट सड़क पार करते समय बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इसी थाना अंतर्गत फत्तेपुर गांव निवासी रामलाल 75 पुत्र जगन्नाथ रविवार सुबह गांव के निकट सड़क पार करते समय जीप की टक्कर लगने से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
सम्मनपुर थाना अंतर्गत कुर्कीबाजार निवासी कृष्णकुमार 22 पुत्र झिनकू शनिवार देर शाम बाइक से अकबरपुर आते समय एक अन्य बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।