जलालपुर (अंबेडकरनगर)। राजकीय मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक से अभद्रता करने में दो सिपाहियों को एसपी ने निलंबित कर दिया है। राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में तैनात चिकित्सक अंकित सिंह गत दिवस कार से अपने घर मंगुराडिला जा रहे थे। घर से थोड़ी दूर पहले निकाय चुनाव को लेकर वाहनों की जांच चल रही थी। आरोप है कि इसी दौरान दो सिपाहियों ने चिकित्सक के साथ कहासुनी करते हुए अभद्रता की।
चिकित्सक ने इसकी शिकायत अधिकारियों से की। मामले की प्रारंभिक जांच कराई गई तो दोनों सिपाही दोषी पाए गए। इसके बाद एसपी अजीत कुमार सिन्हा ने जलालपुर कोतवाली के सिपाही धर्मेंद्र यादव व रामू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। दोनों सिपाहियों को पुलिसलाइन से संबद्ध करते हुए निर्देश दिया गया है कि बिना अनुमति वे मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे। (संवाद)