अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर स्थित राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में बुधवार से मतदान में लगे कर्मचारियों का प्रशिक्षण प्रारंभ हुआ। कर्मचारियों को मतदान से जुड़े नियमों की जानकारी दी गई। इस बीच प्रशिक्षण से गैरहाजिर आठ कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर के निर्देश दिए गए हैं।
तीन नगर पालिका अकबरपुर, जलालपुर व टांडा तथा चार नगर पंचायत इल्तिफातगंज, अशरफपुर किछौछा, जहांगीरगंज व राजेसुल्तानपुर में 11 मई को मतदान होना है। इसे सकुशल संपन्न कराने के लिए बुधवार से मतदान में लगे पीठासीन अधिकारी, मतदान प्रथम, मतदान द्वितीय व मतदान तृतीय का विशेष प्रशिक्षण राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के छह कक्षों में प्रारंभ हुआ। प्रथम पाली में पोलिंग पार्टी संख्या एक से 60 जबकि दूसरी पाली में पोलिंग पार्टी संख्या 61 से 120 तक के कुल 480 कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाना था। प्रथम पाली में चार व द्वितीय पाली में चार कर्मचारी अनुपस्थित रहे। इन सभी के खिलाफ एफआईआर करने का निर्देश दिया गया।
इससे पहले प्रशिक्षण नोडल प्रभारी आरबी यादव ने सभी मतदान कर्मचारियों से कहा कि मतदान से एक दिन पहले ही बूथ पर पहुंच जाएं। देर शाम ही सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर लें। मतपेटिका को ऐसे स्थान पर रखें जहां प्रकाश की समुचित व्यवस्था हो। मतपेटिका को खिड़की के निकट कतई न रखा जाए।