बसखारी (अंबेडकरनगर)। एनएच-233 के बसखारी थाना क्षेत्र के मुजाहिदपुर गांव के निकट सोमवार शाम दो बाइकों में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इसमें वृद्ध समेत तीन लोग घायल हो गए। सीएचसी में इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
थाना क्षेत्र बसखारी के किछौछा निवासी धर्मराज (65) अपने पुत्र अविनाश (22) के साथ सोमवार शाम छह बजे करीब बाइक से टांडा से घर लौट रहे थे। मुजाहिदपुर गांव के निकट सामने से आ रही बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। इसमें दोनों बाइक सवार बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। हादसे में धर्मराज व अविनाश के अलावा दूसरी बाइक के चालक हंसवर थाना क्षेत्र के अजय (30) को गंभीर चोटें आईं। सूचना पर पहुंची बसखारी पुलिस ने तीनों को एंबुलेंस से सीएचसी बसखारी में भर्ती कराया। हालत की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दोनों बाइक चालकों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।