कटेहरी। अहिरौली के मौरापारा गांव में मारपीट से घायल पचहत्तर वर्षीय उर्मिला वर्मा की मौत के मामले में पुलिस ने रविवार को बलवंत सिंह और अखंड प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस क्षेत्राधिकारी लक्ष्मीकांत मिश्रा ने बताया कि चौबीस नवंबर की शाम करीब 5:45 बजे अखंड प्रताप सिंह नशे की हालत में पीड़िता के घर में घुसा था।
विज्ञापन
उसने बुजुर्ग महिला की पिटाई कर उन्हें जमीन पर पटक दिया, जिसमें बलवंत सिंह ने उसका साथ दिया था। गंभीर रूप से घायल महिला को पहले सीएचसी कटेहरी, फिर जिला अस्पताल और राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर रेफर किया गया था। 26 नवंबर की सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी। बेटे राजेंद्र वर्मा की तहरीर पर पुलिस ने पहले मारपीट का मामला दर्ज किया था। महिला की मौत के बाद पुलिस ने मामले में गैरइरादतन हत्या की धारा बढ़ा दी है। (संवाद)