घटना की खबर फैलते ही बड़ी तादाद में ग्रामीण मुख्य गेट पर एकत्र हो गए। सीआईएसएफ के जवानों ने मृतक के परिवारीजनों व ग्रामीणों को अंदर जाने से रोका तो भड़के ग्रामीणों ने टांडा मया मार्ग पर जाम लगा दिया। देर सायं तक मीडिया व ही ग्रामीणों को अंदर नहीं जाने दिया गया।
एनटीपीसी की टांडा इकाई में रविवार दोपहर मुख्य प्लांट की टर्बाइन फटने से पूरी छत ढह गई। इसके मलबे में दबकर एक मजदूर की मौत हो गई जबकि कई अन्य के मलबे में दबे होने की आशंका है। टर्बाइन फटने की बात काफी देर तक छिपाए रखी गई, मगर धीरे-धीरे खबर आसपास के गांवों तक पहुंच गई। कई गांवों के मजदूर व कर्मचारी इसी प्लांट में काम करते हैं।
इस वजह से उनकी हालत जानने के लिए परिवारीजन व ग्रामीण मुख्य गेट पर पहुंच गए। मगर किसी और अनहोनी की आशंका के चलते एहतियात के तौर पर एनटीपीसी प्रशासन ने मुख्य गेट पर सीआईएसएफ का सुरक्षा घेरा और कड़ा कर दिया। इससे ग्रामीणों को बड़ी संख्या में मजदूरों व कर्मचारियों की मौत की आशंका हो गई।
आक्रोशित ग्रामीणों ने सायं पांच बजे करीब टांडा मया मार्ग जाम कर दिया। एएसपी पंकज पांडेय व एसडीएम टांडा नरेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंच ग्रामीणों को शांत कराया। तब तक ये पुष्ट हो गया कि हादसे में इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के हेलालपुर निवासी प्रदीप वर्मा पुत्र त्रिभुवन वर्मा की मौत हुई है। इस पर अधिकारी मृतक प्रदीप के परिवारीजनों को साथ लेकर एनटीपीसी प्लांट परिसर में चले गए।
वहां मलबे को हटाकर ये जानकारी कराई जा रही है कि और कोई मजदूर भी तो नहीं दबा है। देर शाम तक प्लांट के बाहर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा थी। जिलाधिकारी विवेक ने घटना में एक मजदूर की मौत की पुष्टि करते हुए कहा कि मलबा हटवाया जा रहा है। इसके बाद ही सही स्थिति सामने आ सकेगी।