जानकारी के मुताबिक अकबरपुर थाना क्षेत्र के अलावलपुर मुरादाबाद मोहल्ला निवासी चंद्रभान की 14 वर्षीय पुत्री नेहा राजकीय इंटर कॉलेज अकबरपुर में कक्षा नौ की छात्रा थी। शुक्रवार सुबह वह विद्यालय गई हुई थी। दोपहर बाद छुट्टी होने पर वह साइकिल से घर लौट रही थी।
विद्यालय से कुछ दूर आगे कटरिया याकूबपुर बाग के निकट टांडा की तरफ से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने उसे रौंद दिया। उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। बड़ी संख्या में आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। लोगों को अपनी तरफ आता देख चालक वाहन छोड़कर भाग गया।
इसी बीच विद्यालय प्रधानाचार्य सुरेशलाल श्रीवास्तव भी घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने छात्रा को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके साथ ही ट्रक को थाने ले आई। एसओ योगेश शाह ने बताया कि मृतका के भाई लकी की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।