जिला मुख्यालय स्थित पुराने तहसील तिराहे के निकट गुरुवार रात साढ़े नौ बजे करीब एक ओवर लोडेड गन्ना लदा ट्रक पलट गया। वहां खड़ी एक कार समेत कई गुमटी दुकान उसकी चपेट आकर क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर मची अफरातफरी के बीच गन्ना हटाकर एक एक कर तीन लोगों को बाहर निकाला गया। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया जहां एक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शेष दो घायलों को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। पुलिस की मौजूदगी के बीच सैकड़ों का हुजूम देर तक मौके पर बना रहा।
गुरुवार रात लगभग साढ़े नौ बजे शहजादपुर की तरफ से गन्ना लदा ट्रक अकबरपुर चीनी मिल की तरफ जा रहा था। जब वह अकबरपुर पुराने तहसील तिराहे के निकट पहुंचा, तभी फैजाबाद मार्ग पर बढ़ते ही अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक ने एक कार समेत कई गुमटी दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। यह देख मौके पर हड़कंप मच गया।
आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े।पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पहले छोटी क्रेन, फिर बड़ी क्रेन व जेसीबी आदि लगाकर गन्ना हटाने का प्रयास शुरू हुआ। दर्जनों नागरिक भी पूरी मुस्तैदी से गन्ना हटाने में जुट गए। एक-एक कर नजर अब्बास समेत कुल तीन लोगों को गंभीर दशा में जिला अस्पताल भेजा गया। जहां नायाब हैदर को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शेष दो को ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।