थाना क्षेत्र जहांगीरगंज अंतर्गत जहांगीरगंज-कम्हरिया मार्ग पर सुजावलपुर गांव के निकट बाइक की टक्कर से शुक्रवार देर शाम वृद्ध बुरी तरह घायल हो गया। बाइक पर तीन युवक बैठे थे। सीएचसी जहांगीरगंज में उपचार के दौरान वृद्ध की मौत हो गई। मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया।
उधर, सम्मनपुर थाना क्षेत्र में भी ट्रिपल राइडिंग कर रहे युवक हादसे का शिकार हो गए। घायल बाइक सवारों ने नहीं पहना था हेलमेट। जानकारी के अनुसार जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के उमरी जलाल गांव निवासी रामनयन गौड़ (70) पुत्र फुरसाती शुक्रवार रात जहांगीरगंज बाजार से पैदल ही घर आ रहे थे।
वह सुजावलपुर गांव के पास पहुंचे ही थे कि तभी पीछे से आए एक बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इससे वह बुरी तरह घायल हो गए। टक्कर के बाद बाइक सवार भी गिर पड़ा। बाइक पर तीन युवक बैठे थे। उन्हें भी चोटें आ गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े।
घायल दशा में चारों लोगों को जहांगीरगंज सीएचसी पहुंचाया गया जहां वृद्ध नेे उपचार के दौरान दम तोड़ दिया जबकि अन्य तीनों घायल तेजप्रताप पुत्र पुरुषोत्तम, लक्ष्मन पुत्र बुलबुल व परविंद पुत्र मंयकेश्वर निवासीगण केदरुपुर थाना राजेसुल्तानपुर को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी होने पर एसओ नीरज राय व एसआई चंद्रभान वर्मा भी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और बाइक को कब्जे में ले लिया। मृतक के पुत्र जगदंबा की तहरीर पर पुलिस ने बाइक चालक तेज प्रताप के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
उधर सम्मनपुर थाना अंतर्गत अमरौला गांव निवासी सेवाराम (40) पुत्र कुद्दन, अशोक (35) पुत्र प्रदीप व अजय (25) पुत्र मुन्नेलाल शनिवार सुबह एक ही बाइक से जाते हुए सिकंदरपुर बाजार के निकट जीप की टक्कर लगने से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया सेवाराम की हालत गंभीर है।