जलालपुर। तेज हवा के साथ हो रही बारिश के कहर ने एक किशोर की जान ले ली। गुरुवार की रात मां के साथ सो रहा किशोर अचानक गिरे आम के पेड़ की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई, वहीं मां घायल हो गई। एसडीएम जलालपुर ने पीड़ित परिवार को अहेतुक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
दो दिनों से लगातार हो रही बारिश ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। जलालपुर कोतवाली अंतर्गत बड़ागांव निवासी गुलाम मोहम्मद का परिवार छप्परनुमा घर में रहता है। गुरुवार देर शाम खाना खाने के बाद परिवार के सदस्य सोने चले गए। गुलाम मोहम्मद का पुत्र मोहम्मद साहिल (14) भी अपनी मां सीमा (40) के साथ एक ही चारपाई पर सो रहा था। बताया जाता है कि हवा के साथ हो रही बारिश के बीच घर के निकट स्थित आम का पेड़ अचानक धराशायी हो गया। पेड़ छप्परनुमा घर पर गिरा, जिससे मां-बेटे उसकी चपेट में आ गए, जबकि कुछ दूरी पर सो रहे गुलाम मोहम्मद व अन्य बाल-बाल बच गए। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। परिवार के सदस्य गुहार लगाते हुए घर के बाहर भागे। कुछ ही देर में आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
सूचना मिलने पर कोतवाल मनीष कुमार सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जेसीबी मंगाकर पेड़ हटाया गया, लेकिन तब तक साहिल की मौत हो चुकी थी, जबकि मां सीमा को घायल हो गई। उनका इलाज कराया गया। इस बीच घटना की जानकारी होते ही तहसीलदार बृजेश कुमार भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पंचनामा कर शव परिवारीजनों को सौंप दिया। उधर, एसडीएम अभयकुमार पाण्डेय ने बताया कि घटना में किशोर की मौत हुई है। पीड़ित परिवार को दुर्घटना बीमा योजना के तहत अहेतुक सहायता दिए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साहिल चार भाइयों में सबसे छोटा था। उससे छोटी दो बहनें हैं। गुलाम मोहम्मद मेहनत मजदूरी कर परिवार का खर्च चला रहे हैं।