भीटी (अंबेडकरनगर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के दुबौली गांव के निकट बृहस्पतिवार को राजकीय नलकूप के पास लगा ट्रांसफाॅर्मर युवक पर गिर गया। सांस चलने की उम्मीद में लोग उसे सीएचसी भीटी ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना क्षेत्र के दुबाने का पूरा निवासी अजय कुमार (38) बृहस्पतिवार सुबह दुबौली गांव के निकट झारखंडी महादेव मंदिर स्थित राजकीय नलकूप के निकट खड़ा था। इसी बीच नलकूप के बगल लगा ट्रांसफॉर्मर अचानक युवक के ऊपर गिर पड़ा। इससे उसकी दबकर मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के खेतों में काम रहे ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसके बाद सांस चलने की उम्मीद में उसे सीएचसी भीटी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन सीएचसी भीटी पहुंचे। इसी बीच पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया। खबर है कि युवक निजी लाइनमैन के तौर पर काम करता था। वह बिजली की गड़बड़ी ठीक करने के लिए गया था। हालांकि परिजनों ने पुलिस को दी सूचना में ऐसा कोई जिक्र नहीं किया है। थानाध्यक्ष पंडित त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भिजवा दिया गया है। तहरीर मिली है, आवश्यक कार्रवाई की जा ही है।