हंसवर (अंबेडकरनगर)। टांडा तहसील क्षेत्र के दौलतपुर गांव की करीब 600 की आबादी को जल्द बिजली संकट से निजात मिलने की उम्मीद है। ग्रामीणों की मांग पर पूर्व मंत्री व टांडा विधायक राममूर्ति वर्मा ने मुख्य विकास अधिकारी को पत्र लिखकर गांव में लगे 16 केवी ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि करने को कहा है। कहा कि उनकी विधायक निधि से गांव में 63 केवी क्षमता के ट्रांसफार्मर की स्थापना करा दी जाए, जिससे ग्रामीणों सुचारु बिजली मिल सके।
दौलतपुर गांव निवासी मायाराम यादव ने बताया कि गत दिवस पूर्व मंत्री व टांडा विधायक राममूर्ति वर्मा से ग्रामीणों ने मुलाकात की थी। बताया था कि करीब 50 घरोें की आबादी को बिजली आपूर्ति मुहैया कराने के लिए महज 16 केवी क्षमता का ट्रांसफार्मर उनके गांव में लगा है। कनेक्शन के सापेक्ष ट्रांसफार्मर की क्षमता कम है।
इससे आए दिन ग्रामीणों को लो वोल्टेज व ट्रांसफार्मर के फुंकने तथा अन्य खराबियों की समस्या से जूझना पड़ता है। ग्रामीणों की समस्या का संज्ञान लेते हुए विधायक राममूर्ति वर्मा ने सीडीओ को पत्र लिखा है। कहा कि उनकी निधि से धन अवमुक्त करते हुए गांव में 63 केवी क्षमता के ट्रांसफार्मर की स्थापना कराई जाए।