अंबेडकरनगर। जिले में बिजली व्यवस्था सुधर नहीं रही है। ट्रांसफार्मर फुंकने, बार-बार फाॅल्ट और ट्रिपिंग के चलते शहर से लेकर गांव तक उपभोक्ताओं को भीषण उमस में रातें जागकर बितानी पड़ रही हैं। अशोक विहार में ट्रांसफार्मर खराब होने से करीब 14 घंटे बिजली गुल रही। इसके अलावा गांवों में ट्रिपिंग और फॉल्ट से परेशानी हुई।
बृहस्पतिवार रात साउथ वेस्ट बिजलीघर से जुड़े अशोक विहार कॉलोनी में 250 केवीए ट्रांसफार्मर तेज धमाके के साथ फुंक गया, जिससे कॉलोनी समेत आसपास के क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। रातभर बिजली न आने से लोग उमस और मच्छरों के बीच जागने को मजबूर रहे। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे ट्रांसफार्मर बदलने और फाल्ट दुरुस्त होने के बाद करीब 14 घंटे बाद आपूर्ति बहाल हो सकी।
उधर, बैरमपुर-बरवा बिजलीघर से जुड़े नाका चुंगी, अयोध्या मार्ग, मिर्जापुर, फायर स्टेशन कॉलोनी, पार्क रोड समेत कई मोहल्लों में भी पूरी रात ट्रिपिंग का सिलसिला जारी रहा। रात 12 बजे गुल हुई बिजली करीब एक बजे लौटी, लेकिन शुक्रवार को भी दिनभर बार-बार कटौती होती रही।
ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति और खराब है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि पिछले एक सप्ताह से 18 घंटे की जगह महज 8 से 10 घंटे ही बिजली मिल रही है। लगातार ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज के कारण घरेलू उपकरण भी प्रभावित हो रहे हैं और खेती-किसानी के कार्य बाधित हो रहे हैं।अधीक्षण अभियंता रजनीश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि खराब ट्रांसफार्मर और फाॅल्ट को ठीक कराकर प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल करा दी गई है।