अंबेडकरनगर। जिले के 322 डाकघरों से जुड़े लगभग सवा लाख उपभोक्ताओं के लेनदेन पर रोक लगने की तलवार लटक गई है। दरअसल बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद उपभोक्ताओं द्वारा खाते से मोबाइल नंबर नहीं लिंक कराया जा सका है।
यदि 31 मार्च तक मोबाइल नंबर लिंक नहीं हुआ तो लेनदेन पर रोक लगा दी जाएगी। इस बीच प्रवर अधीक्षक डाकघर अयोध्या मंडल पीके सिंह ने बुधवार को प्रधान डाकघर पहुंचकर योजनाओं से संबंधित जानकारियां हासिल कीं।
डाकघर में खाता खुलवाने वाले उपभोक्ताओं के सुचारु लेनदेन के लिए बीते दिनों ही शासन ने निर्देश जारी किया था कि सभी उपभोक्ता खाते से मोबाइल नंबर लिंक करा लें। इसे लेकर लगातार अपील भी होती रही। इसके साथ ही कई नोटिस जारी करने के बावजूद अब तक लगभग सवा लाख उपभोक्ता ऐसे हैं जिन्होंने खाते से मोबाइल नंबर लिंक नहीं कराया है।
गौरतलब है कि जिले में एक प्रधान डाकघर, 31 उप डाकघर व 290 डाक शाखाएं हैं। ऐसे में कुल 322 डाकघरों से लगभग चार लाख उपभोक्ता जुड़े हैं। प्रधान डाकघर कार्यालय के अनुसार जिन खाताधारकों ने अब तक खाते से मोबाइल नंबर लिंक नहीं कराया है, वे 31 मार्च तक अवश्य करा लें। यदि ऐसा नहीं किया तो उनके लेनदेन पर रोक लगा दी जाएगी।
प्रवर अधीक्षक डाकघर अयोध्या मंडल पीके सिंह ने बुधवार को प्रधान डाकघर पहुंचकर योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने जिम्मेदारों को निर्देशित किया कि जिन खाताधारकों का मोबाइल नंबर खाते से नहीं जुड़ा है, उनका नमबर जल्द से जल्द लिंक कराएं। इसके लिए उनसे सीधा संवाद भी किया जाए। पीएलवाई के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि पोस्टल इंश्योरेंस का दायरा बढ़ाया गया है। अधिक से अधिक लोगों को सामाजिक सुरक्षा कवच मिल सके, इसके लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
31 मार्च मोबाइल नंबर लिंक कराने की अंतिम तिथि है। लेनदेन सुचारू रूप से होता रहे, इसके लिए निर्धारित समय पर प्रक्रिया पूरी करा लें।
-रामतीरथ वर्मा, जिला पोस्टमास्टर