अंबेडकरनगर। अकबरपुर-वाराणसी नेशनल हाईवे पर अकबरपुर से जौनपुर तक 15 अरब रुपये की लागत से नए सिरे से मार्ग निर्माण को मंजूरी मिली है। बुधवार को केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने ट्वीट कर यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 135-ए पैकेज द्वितीय के तहत फोरलेन चौड़ीकरण कार्य को हाइब्रिड एन्यूइटी मोड के तहत 1511.57 करोड़ की लागत से कराने की मंजूरी दे दी गई है।
गौरतलब है कि बीते दिनों ही अकबरपुर से वाराणसी तक के मार्ग को नेशनल हाईवे घोषित किया गया है। इस पूरे 204 किलोमीटर लंबे मार्ग का फोरलेन निर्माण लगभग ढाई सौ करोड़ की लागत से होना है।
फिलहाल अकबरपुर से जौनपुर तक क्षतिग्रस्त हो चुके मार्ग की विशेष मरम्मत कराई जा रही है। यह जानकारी एमएलसी हरिओम पांडेय ने दी। बताया कि 13 करोड़ की लागत से अलीगंज, अहिरौली, जैतपुर, जलालपुर, भीटी और इब्राहिमपुर में पुलिस हॉस्टल का निर्माण कराया जाएगा। इसकी मंजूरी शासन ने दी है।