अंबेडकरनगर। लगभग एक सप्ताह बाद एक बार फिर से मंगलवार 11 अप्रैल से अकबरपुर रेलवे स्टेशन होकर ट्रेनें गुजरने लगेंगी। इससे गंतव्य तक जाने के लिए रेल यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
गौरतलब है कि अकबरपुर लखनऊ रेलमार्ग पर सोहावल व रुदौली में रेल लाइन दोहरीकरण के काम के चलते तीन अप्रैल से ज्यादातर ट्रेनों का रूट डायवर्ट कर दिया गया था। इससे गंतव्य तक जाने के लिए रेल यात्रियों को मुश्किलें उठानी पड़ रही थीं। अलग-अलग स्थानों तक जाने के लिए उन्हें या तो बस का सहारा लेना पड़ा तो वैकल्पिक साधन की व्यवस्था करनी पड़ रही थी। दूरदराज के क्षेत्रों में जाने वाले यात्रियों को आरक्षित टिकट निरस्त कराना पड़ा था।
इस बीच अब एक बार फिर से सभी ट्रेनों का संचालन प्रारंभ हो रहा है। अकबरपुर रेलवे स्टेशन अधीक्षक जयप्रकाश ने बताया कि मंगलवार सुबह से से सभी ट्रेनों का सुचारू रूप से यहां रुकना प्रारंभ हो जाएगा। ऐसे में लगभग एक सप्ताह से सन्नाटे में डूबे अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर फिर से चहल पहल शुरू हो जाएगी। साथ ही दुकानदारों को भी राहत मिलेगी।