अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर पसरा सन्नाटा।
- फोटो : सोशल मीडिया
अंबेडकरनगर। ट्रेन का दिन में संचालन न होने का प्रतिकूल प्रभाव अकबरपुर व मालीपुर रेलवे स्टेशन के इर्दगिर्द स्थित दुकानदारों पर पड़ने लगा है। संबंधित दुकानदारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा होने लगा है। इस बीच जानकारी के अभाव में प्रतिदिन जिले के दूरदराज के क्षेत्र से यात्री अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें मायूसी हाथ लग रही है।
अयोध्या यार्ड में निर्माण कार्य होने के चलते बीते 20 दिसंबर से अकबरपुर वाराणसी रेलमार्ग पर ट्रेन का संचालन पूरी तरह से ठप है। सिर्फ रात के समय ही ट्रेन का संचालन हो रहा है। इससे दिन में अकबरपुर रेलवे स्टेशन के अलावा मालीपुर व कटेहरी रेलवे स्टेशन पर पूरी तरह से सन्नाटा पसरा रहता है।
नतीजा यह है कि संबंधित रेलवे स्टेशन के आसपास के क्षेत्र में स्थित दुकानों पर भी दिन में लगभग पूरी तरह से सन्नाटा रहता है। इससे व्यवसाय पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। अकबरपुर रेलवे स्टेशन के बाहर जलपान की दुकान करने वाले राहुल गुप्ता ने कहा कि रेलवे प्रशासन को चाहिए कि इस प्रकार की व्यवस्था करें, जिससे ट्रेन का संचालन भी सुचारु रूप से होती रहे। एक अन्य दुकानदार राकेश जायसवाल ने कहा कि ट्रेन का संचालन ठप होने से आर्थिक समस्या खड़ी हो रही है।
इस बीच जानकारी के अभाव में जिले के दूरदराज के क्षेत्र से यात्री अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंच रहे, लेकिन उन्हें मायूसी ही हाथ लग रही। शुक्रवार को अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर मिले इल्तिफातगंज निवासी सतीश कुमार ने कहा कि ट्रेन का संचालन ठप होने की जानकारी नहीं थी। दून एक्सप्रेस से हरिद्वार जाना था, लेकिन अब मायूसी हाथ लगी है। इसी प्रकार से अन्य कई यात्री भी मायूस होकर लौटे।