जीआईसी अकबरपुर में दो दिवसीय प्रशिक्षण के समापन में प्रस्तुति देती छात्राएं।
अंबेडकरनगर। समग्र शिक्षा माध्यमिक के तहत शनिवार को जीआईसी अकबरपुर में दो दिवसीय प्रशिक्षण का समापन हुआ। यह जिले के नौ प्रशिक्षण केंद्रों पर चल रहा है। इसके तहत 32 राजकीय विद्यालयों के लिए तीन व पांच समूह में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सदस्यों को विद्यालय प्रबंधन, शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति वृद्धि, संसाधनों के समुचित उपयोग एवं अभिभावक-शिक्षक सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
इस प्रशिक्षण में जीआईसी, जीजीआईसी अकबरपुर और टांडा के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रशिक्षक के रूप में प्रधानाचार्य विवेक पटेल जाफरगंज व यदुनाथ प्रसाद यादव ने संचालन किया। समापन अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि विद्यालय प्रबंधन व विकास समिति शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, बच्चों के सर्वांगीण विकास और विद्यालय को उत्कृष्ट बनाने में अहम भूमिका निभाती है। इस प्रकार के प्रशिक्षण से सदस्यों की कार्यशैली और अधिक प्रभावी होगी तथा विद्यालयों की शैक्षिक उपलब्धियों में सकारात्मक बदलाव आएगा। कार्यक्रम की देखरेख डीआईओएस प्रवीण कुमार तिवारी, जिला समन्वयक जितेंद्र पांडेय, प्रधानाचार्य हरेंद्र प्रसाद यादव ने की है।