अंबेडकरनगर। अमृृतसर वीकली अप एक्सप्रेस बुधवार मध्यरात्रि बाद 13 घंटा विलंब से अकबरपुर पहुंची। इसके अलावा पांच अन्य ट्रेनें भी घंटों विलंब से चलीं। पंडित दीनदयाल डाउन एक बार फिर गुरुवार को निरस्त रही। इससे यात्रियों को काफी परेशान होना पड़ा।
रेल यात्रियों की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। अमृतसर वीकली अप एक्सप्रेस निर्धारित समय मध्य रात्रि 12:56 बजे से 13 घंटे लेट गुरुवार को अकबरपुर पहुंची। सद्भावना डाउन एक्सप्रेस सुबह 7:33 बजे से साढ़े चार घंटा, दून डाउन एक्सप्रेस निर्धारित समय दोपहर 12:24 बजे से साढ़े तीन घंटा विलंब से चली। सियालदाह डाउन एक्सप्रेस निर्धारित समय रात 10:20 बजे से दो घंटा, फरक्का अप एक्सप्रेस अपराह्न 2:22 बजे से दो घंटा व मरुधर अप एक्सप्रेस शाम 7:25 बजे से दो घंटा विलंब से अकबरपुर पहुंची। सुबह 5:02 बजे आने वाली पंडित दीनदयाल डाउन गुरुवार को एक बार फिर निरस्त रही।
ट्रेनों के निरस्त होने व घंटों विलंब से चलने से यात्रियों को खराब मौसम के बीच मुश्किलों का सामना करना पड़ा। यात्री शिवशंकर, अनिल कुमार, सुधीर कुमार, मो. शफी व वसी हसन ने नाराजगी जताते हुए कहा कि ट्रेनों का संचालन सुचारु रूप से हो सके, इसके लिए रेलवे प्रशासन द्वारा गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। उधर स्टेशन अधीक्षक जयप्रकाश ने बताया कि यात्रियों को किसी प्रकार की मुश्किल न हो, इसके लिए समय रहते ट्रेन की स्थिति के बारे में जानकारी दे दी जाती है।