अंबेडकरनगर। अयोध्या वाराणसी रेलखंड पर शुक्रवार की शाम बड़ा हादसा होते-होते बच गया। जाफरगंज रेलवे स्टेशन के निकट रेल पटरी मुड़ी पाई गई। संयोग से वाराणसी की तरफ जा रही मालगाड़ी के गुजरने से ठीक पहले रेलकर्मियों ने पटरी को देख लिया, जिसके बाद आननफानन में मालगाड़ी को समय रहते रोक लिया गया। इसके बाद लगभग डेढ़ घंटे तक मरम्मत का कार्य चला। देर शाम ट्रैक पर यातायात सुचारु ढंग से बहाल कर दिया गया। हालांकि इसके चलते तीन अन्य ट्रेनों का आवागमन भी प्रभावित हुआ।
लगातार बढ़ रहे तापमान के बीच शुक्रवार को अयोध्या वाराणसी रेल खंड पर उस समय एक बड़ा हादसा टल गया, जब रेल कर्मियों को जाफरगंज रेलवे स्टेशन के निकट रेलवे पटरी मुड़ी हुई दिखी। इससे रेल कर्मचारियों व अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आननफानन में अकबरपुर व मालीपुर रेलवे स्टेशन के अधिकारियों को जानकारी दी गई। जानकारी होते ही अकबरपुर से मुड़ी रेल पटरी को दुरुस्त करने के लिए कर्मचारियों की टीम जाफरगंज रेलवे स्टेशन के लिए रवाना हो गई। लगभग पांच बजे रेल पटरी के मुड़े होने की जानकारी के बाद इस मार्ग पर ट्रेनों का आवागमन रोक दिया गया।
बताया जाता है कि जिस समय रेल कर्मियों को पटरी के मुड़े होने की जानकारी मिली, उसी समय अकबरपुर से वाराणसी के लिए मालगाड़ी रवाना हुई थी। मुड़ी हुई पटरी के पास ट्रेन के पहुंचने से पहले ही उसे रोक लिया गया। इसके बाद मरम्मत का कार्य हुआ। लगभग डेढ़ घंटे तक चले मरम्मत के बाद रेल पटरी पर आवागमन बहाल हो गया। हालांकि इससे पहले साबरमती एक्सप्रेस समेत दो अन्य ट्रेनों का आवागमन प्रभावित हुआ। स्टेशन अधीक्षक अकबरपुर जयप्रकाश ने बताया कि ट्रेन पटरी जाफरगंज के निकट मुड़ गई थी। समय रहते उसकी जानकारी हो गई। पटरी को दुरुस्त कर आवागमन बहाल करा दिया गया।