अंबेडकरनगर। जिले के तीन प्रमुख मार्गों पर आवागमन जल्द ही और सुगम होगा। 6.26 करोड़ रुपये की लागत से टांडा बरुआ जलाकी उतरेथू मार्ग, दोस्तपुर अकबरपुर न्यौरी मार्ग तथा टांडा बरियावन सुल्तानगढ़ पट्टी मार्ग की मरम्मत की जाएगी। इससे लगभग एक लाख की आबादी व यात्रियों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा।
प्रमुख मार्गों की दशा सुधारने के लिए तेजी से शुरू हुए काम का असर सामने आने लगा है। कई प्रमुख मार्ग जो लंबे समय से उपेक्षा का शिकार रहे हैं, अब उनकी सुध ली जा रही है। कई मार्ग ऐसे हैं जो बीच-बीच में हद दर्जे तक क्षतिग्रस्त हो गए हैं, ऐसे मार्गों की विशेष मरम्मत कराए जाने की मुहिम शुरू हुई है। इसी क्रम में एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय के विशेष प्रयास के चलते दो अन्य जिला मार्ग तथा एक मुख्य जिला मार्ग की विशेष मरम्मत कराने का निर्णय शासन ने लिया है।
इनमें टांडा बरुआ जलाकी होते हुए उतरेथू मार्ग मुख्य रूप से शामिल है। सड़क पर लगभग 20 किलोमीटर तक विशेष मरम्मत तीन करोड़ 21 लाख चार हजार रुपये से होगी। इसके लिए एक करोड़ सात लाख 52 हजार रुपये की किस्त निर्गत कर दी गई है। इस सड़क का निर्माण लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड कराएगा।
यह सड़क अन्य जिला मार्ग श्रेणी की है। अन्य जिला मार्ग श्रेणी में शामिल टांडा बरियावन सुल्तानगढ़ होते हुए पट्टी सुरहुरपुर मार्ग में लगभग सवा तीन किलोमीटर की दूरी तक विशेष मरम्मत 61 लाख 82 हजार रुपये से होगी। यह पूरी धनराशि निर्गत कर दी गई है।
दोस्तपुर अकबरपुर व जलालपुर होते हुए न्यौरी मार्ग की मरम्मत दो करोड़ 43 लाख 91 हजार रुपये की लागत से होगी। लगभग 12 किलोमीटर तक इस मुख्य जिला मार्ग की मरम्मत के लिए एक करोड़ 21 लाख 96 हजार रुपये निर्गत कर दिए गए हैं।
विशेष मरम्मत के तहत तीन प्रमुख मार्गों पर निर्माण की अनुमति मिली है। इस पर जल्द ही काम शुरू हो जाएगा। इसके बाद सुचारु आवागमन का लाभ मिलेगा।
-सौरभ सिंह, अधिशाषी अभियंता, लोक निर्माण विभाग