अंबेडकरनगर के कम्हरिया घाट पर पुल से शुरू हुआ आवागमन।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
राजेसुल्तानपुर (अंबेडकरनगर)। लोकार्पण से पहले ही सरयू नदी के कम्हरिया घाट पर बने पुल से छोटे वाहनों व पैदल यात्रियों ने आवागमन शुरू कर दिया है। पुल पर अभी दोनों पोलों के बीच रेलिंग बनाने का कार्य होना है। रेलिंग निर्माण का कार्य पूरा हो जाने के बाद ही इस पुल का विधिवत लोकार्पण कर इसे जनसमुदाय के आवागमन के लिए खोला जाना है। इसका सीधा फायदा एक बड़े क्षेत्र से जुड़ी आबादी को मिलेगा।
करीब आठ वर्ष पहले 2014 में सरयू नदी के कम्हरिया घाट पर नाबार्ड योजना से करीब एक अरब की लागत से पुल का निर्माण शुुरू हुआ था। निर्माण के दौरान कभी बजट की कमी तो कई बार नदी के बढ़ते जलस्तर आदि के कारण पुल का निर्माण कार्य पूरा होने में काफी समय लगा।
प्रस्तावित कार्ययोजना के तहत इस पुल का निर्माण वर्ष 2020 में पूरा होना था लेकिन तय समय से दो साल बाद भी इसका लोकार्पण न हो पाने से कम्हरिया घाट से गंतव्य तक जाने के लिए पीपा पुल ही एकमात्र सहारा बना हुआ है। इससे उन्हें काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ता है।
इस दौरान नदी का जल स्तर बढ़ने पर चार पहिया वाहनों को 30 से 40 किलोमीटर तक की अतिरिक्त दूरी तय कर बिड़हरघाट से आवागमन को मजबूर होना पड़ता है। वर्ष 2014 में बनना शुरू हुए 1412 मीटर लंबे पुल के लिए कुल 46 पिलर का निर्माण कार्य है।
यहां दो पिलर के बीच सिर्फ रेलिंग का कार्य ही पूरा होना बाकी है। सेतु निगम के अवर अभियंता आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि रेलिंग निर्माण के कार्य को जल्द ही पूरा कराने के बाद इस माह के अंत तक पुल पर आम लोगों का आवागमन शुरू कराने के लिए लोकार्पण कार्यक्रम का आयोजन कराया जाएगा।