अंबेडकरनगर। सड़क सुरक्षा व यातायात नियमों को लेकर जागरूक करने के लिए शनिवार को उपसंभागीय परिवहन कार्यालय से जागरूकता स्कूटी रैली निकली। आरआई विपिन कुमार ने रैली को रवाना करने से पहले छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारियां दी।
आरआई ने छात्राओं को सलाह दी सड़क पार करते समय विशेष सावधानी बरतें। स्कूल आते समय नियमों का पालन करें। जल्दबाजी में सड़क न पार करें। बाइक व स्कूटी चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट का प्रयोग करें। साथ ही दूसरों को भी प्रेरित करें।
रैली में सावित्री बाई फुले कुर्कीबाजार अकबरपुर, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बेवाना की छात्राओं ने हिस्सा लिया। एआरटीओ कार्यालय से निकली रैली पटेल तिराहा तक गई। इस मौके पर पीटीओ प्रमोद कुमार, प्रधानाचार्य सुमित्रा देवी, डॉ. प्रियंका तिवारी, स्नेहलता वर्मा, सत्यवती देवी व ज्योत्सना आदि मौजूद रहीं।
इसके अलावा यातायात व पुलिस टीम ने भी अलग-अलग क्षेत्रों में अभियान चलाकर लोगों को सड़क पर चलने के नियमों की जानकारियां दी। कहा कि सुरक्षित आवागमन के लिए नियमों का गंभीरता से पालन करें।