अंबेडकरनगर। साइबर क्राइम की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। ज्यादातर मामलों में आम लोगों की लापरवाही ही सामने आती है। ऐसे में जरूरत है कि कभी भी अपरिचित नंबर से आने वाले फोन पर बैंक, एटीएम, गोपनीय कोड व अन्य व्यक्तिगत जानकारियां साझा न करें।
यह आह्वान शनिवार को मिशन शक्ति टीम ने जिला मुख्यालय के अलावा टांडा व जलालपुर क्षेत्र में किया। महिला थाना अकबरपुर के उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव, सिपाही अजोरी, शिवानी सिंह व कल्पना ने जिला मुख्यालय के शहजादपुर, मीरानपुर व पटेलनगर आदि स्थानों पर महिलाओं व बेटियों को जागरूक किया। साइबर क्राइम होने पर 1930 पर फोन करने की सलाह दी।
जलालपुर में एसआई अंजनी कुमार, सिपाही पीयूष मौर्या, विंध्या सिंह व शीला यादव ने अलग-अलग क्षेत्रों में अभियान चलाकर हेल्पलाइन नंबर 1090, 1076, 181 के बारे में जानकारी दी। टांडा, भीटी व अहिरौली में भी मिशन शक्ति टीम ने अभियान चलाया।