अंबेडकरनगर। गड्ढों में तब्दील हो चुकीं 16 सड़कों के दिन शीघ्र ही बहुरने वाले हैं। 10 करोड़ 11 लाख रुपये की लागत से संबंधित सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी। विशेष मरम्मत योजना के तहत कराए जाने वाले काम के लिए बीते दिनों ही प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग नेे शासन को प्रस्ताव भेज दिया है। मंजूरी मिलने के बाद शीघ्र ही संबंधित सड़कों की मरम्मत शुरू हो जाएगी। इससे लगभग तीन लाख लोगों का आवागमन आसान हो जाएगा।
नागरिकों के सुचारु आवागमन को लेकर अलग-अलग योजनाओं के तहत सड़कों के निर्माण के साथ ही उनकी मरम्मत भी कराई जा रही है। इसका लाभ भी लोगों को मिल रहा है। योजनाओं के तहत अंबेडकरनगर जनपद में भी सड़कों का जाल जहां बिछा दिया गया है तो वहीं दो एनएच व एक एक्सप्रेसवे का भी लाभ नागरिकों को मिल रहा है।
इसी क्रम में अब विशेष मरम्मत योजना के तहत जिले के 16 संपर्क मार्गों की नए सिरे से मरम्मत कराई जाएगी। प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग कार्यालय के अनुसार जिन 16 मार्गों की मरम्मत का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है, वह मौजूदा समय में क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। इससे संबंधित मार्गों पर आवागमन करने में लोगों को मुश्किलें हो रही हैं। प्रस्ताव को मंजूरी मिलते ही मार्गों की मरम्मत प्रारंभ कर दी जाएगी। इससे लगभग तीन लाख लोगों को आवागमन में आसानी होगी।
ये सड़कें कराई जाएंगी दुरुस्त
बसखारी से मैंदी घाट मार्ग, मड़वा अर्जुनपुर से मड़हा नदी सेतु मार्ग तक, झलरी पूरवा से भरतपुर गिरंट तक संपर्क मार्ग, पहितीपुर बाजार से नेनुआ निषाद बस्ती तक, महरुअरामपुर गिरंट से खजुरी बाजार होते हुए चिंउटीपारा तक, खरगपुर से सीसी रोड तक संपर्क मार्ग, भीटी उमरावां संपर्क मार्ग, पीरपुर संपर्क मार्ग, उसमापुर संपर्क मार्ग, मजीसा संपर्क मार्ग, घुरहूपुर चौहान बस्ती से प्रधानमंत्री सड़क तक संपर्क मार्ग, दरवेशपुर से मोहिउद्दीनपुर तक, हाजीपुर शारदा नहर से हलोरा पिच संपर्क मार्ग, सेमउर खानपुर संपर्क मार्ग, अशरफपुर किछौछा मोतिगरपुर से फूलपुर संपर्क मार्ग व किछौछा से शुकुलबाजार संपर्क मार्ग की मरम्मत होगी।
शीघ्र शुरू होगा काम
16 छोटे-बड़े मार्गों की मरम्मत होनी है। इसके लिए शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है। मंजूरी मिलते ही काम प्रारंभ करा दिया जाएगा।
-सौरभ सिंह, अधिशाषी अभियंता प्रांतीय खंड