अंबेडकरनगर। जलालपुर के रफीगंज बाजार में शनिवार को लोग लगभग दो घंटे तक जाम की समस्या से संघर्ष करते रहे। यहां जाम की मुश्किल दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। दरअसल बाजार में जगह-जगह सड़क के किनारे सब्जी व अन्य कई प्रकार की दुकान लगाने वालों ने अतिक्रमण कर रखा है। इससे सड़क संकरी हो गई है। ऐसे में यदि दो वाहन आमने सामने आते हैं तो उन्हें क्रॉस करने में समय लग जाता है। नतीजा यह है कि जाम लग जाता है।
शनिवार को भी कुछ ऐसा ही हुआ। पटरियों पर दुकान लगने के चलते सुबह लगभग 11 बजे जाम लग गया। वाहनों की लंबी लाइन लग गई। इससे जाम में फंसे लोगों को दिक्कत उठानी पड़ी। जाम में फंसे रामअरज व अरुण कुमार ने कहा कि जब तक स्थायी रूप से अतिक्रमण नहीं हटाया जाएगा तब तक यह समस्या बनी रहेगी। जिम्मेदारों को इसे लेकर गंभीरता दिखानी होगी।