बैंकों में कैश की किल्लत को लेकर उपभोक्ताओं का आक्रोश अब थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को यूनियन बैंक के उपभोक्ताओं ने जहांगीरगंज बाजार में मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया तो वहीं ल्तिफातगंज बाजार में भी एसबीआई के उपभोक्ता सड़क पर उतर आए और मार्ग जाम कर नाराजगी जताई। दोनों जगहों पर पुलिसकर्मियों ने मामला शांत कराया।
इल्तिफातगंज में ही बड़ौदा पूर्वी उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक में कैश न होने से नाराज उपभोक्ताओं ने बाजार में मार्ग जाम कर दिया। यहां लोगों के आक्रोश को देखते हुए पीएसी ने स्थिति संभाली। इसके बाद इस बैंक के कर्मचारी शाखा में ताला बंद कर पुलिस सुरक्षा में वापस चले गए। जहांगीरगंज बाजार स्थित यूनियन बैंक की शाखा पर बुधवार को भी धन-निकासी की उम्मीद में दर्जनों ग्रामीण सुबह से ही पहुंच गए।
यहां पर कई दिनों से कैश संकट बना हुआ है। काफी देर इंतजार के बाद शाखा प्रबंधक ने बताया कि कैश नहीं आ पा रहा है तो उपभोक्ताओं का धैर्य जवाब दे गया। नाराज ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए जहांगीरगंज बाजार में मुख्य मार्ग जाम कर दिया।
बैंक शाखा के सामने प्रदर्शन करते हुए कहा कि कई दिन से भुगतान न मिलने के चलते उनके तमाम आवश्यक कार्य बाधित हो रहे हैं लेकिन केंद्र सरकार को उनके हितों का ध्यान नहीं है। इस बीच जाम की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष जहांगीरगंज वासुदेव राणा मौके पर पहुंचे। उन्होंने उपभोक्ताओं को समझाया-बुझाया। इसके बाद उपभोक्ताओं ने मार्ग जाम समाप्त किया।
इल्तिफातगंज प्रतिनिधि के अनुसार स्टेट बैंक की इल्तिफातगंज शाखा में बुधवार को भुगतान न होने पर उपभोक्ताओं का आक्रोश भड़क गया। गौरतलब है कि मंगलवार को भी इस शाखा में उपभोक्ताओं ने कैश न मिलने पर जमकर हंगामा किया था। तब पुलिस ने देरशाम टोकन बंटवाकर भरोसा दिलवाया था कि बुधवार को भुगतान मिलेगा।
इस बीच बुधवार पूर्वाह्न तक बैंक शाखा का गेट ही नहीं खुला तो भड़के उपभोक्ताओं ने टांडा-फैजाबाद मुख्य मार्ग जाम कर दिया और प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। उपभोक्ताओं ने यहां भी सरकार व प्रशासन के रवैये की कड़ी निंदा की।
थानाध्यक्ष इब्राहिमपुर बेचू सिंह यादव ने दल-बल के साथ पहुंचकर यहां मार्ग जाम समाप्त कराया। कुछ देर बाद ही इल्तिफातगंज बाजार के भीतर स्थित बड़ौदा पूर्वी उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के सामने उपभोक्ताओं ने कैश न मिलने को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। नाराज उपभोक्ताओं ने बैंक के बाहर रखी बेंच तोड़कर मार्ग जाम कर दिया।
थानाध्यक्ष इब्राहिमपुर यहां पीएसी को लेकर पहुंचे और किसी तरह हालात संभाला। इसके बाद पुलिस सुरक्षा में ग्रामीण बैंक के कर्मचारी शाखा में ताला बंद कर वहां से चले गए। एलडीएम, अरुण कुमार सिंह का बताया कि उपभोक्ताओं को धैर्य से काम लेने की जरूरत है। भुगतान बेहतर ढंग से हो, इसके लिए उच्चस्तर से सभी जरूरी प्रयास चल रहे हैं। जल्द ही स्थिति में सुधार होगा।