अंबेडकरनगर। शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। शनिवार की सुबह छह बजे से दशहरा पर मूर्ति विसर्जन तक भारी वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। शाम पांच बजे से हल्के वाहनों का प्रवेश भी बंद रहेगा। वहीं, शुक्रवार शाम से फव्वारा तिराहा से शहजादपुर चौक तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित कर दिया गया है।
सीओ ट्रैफिक जितेंद्र सिंह ने बताया कि आजमगढ़ और बसखारी से अयोध्या जाने वाले भारी वाहन न्यौतरिया बाईपास, गोहन्ना चौराहा, पहितीपुर और अन्नावा होकर जाएंगे। बस्ती व टांडा से आने वाले भारी वाहनों को कटरिया याकूबपुर से डायवर्ट किया जाएगा। टांडा में कश्मिरिया, चिंतौरा तिराहा, इनामीपुर पुल व सम्हरिया चौराहा, बसखारी में हरैया व डोडो चौराहा तथा जलालपुर में ब्रह्मलोक मंदिर और हाथी पार्क मोड़ से भी भारी वाहनों का डायवर्जन रहेगा।
हल्के वाहनों के लिए पटेल तिराहा, तहसील, शहजादपुर और अयोध्या रोड की ओर जाने वाले मार्गों पर भी बदलाव किया गया है। पटेल तिराहा से इल्तिफातगंज जाने वाले वाहन इंजीनियरिंग कॉलेज मोड़ का इस्तेमाल करेंगे। तहसील और शहजादपुर की ओर आने-जाने वाले वाहनों को गोहन्ना बाईपास व हाईवे से भेजा जाएगा। अयोध्या रोड के वाहनों को अन्नावा और न्यौतरिया बाईपास से डायवर्ट किया जाएगा। महरुआ रोड से शहजादपुर आने वाले वाहन मयूर रिसोर्ट से डायवर्ट होंगे।
जलालपुर कट, मालीपुर पुल के नीचे, दोस्तपुर रोड स्थित काली माता मंदिर, पहितीपुर रोड, पटेल तिराहा और बनके गांव मोड़ पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण डायवर्जन लागू रहेगा। यातायात प्रभारी निरीक्षक जेबी यादव ने वाहन चालकों से निर्धारित मार्गों का पालन करने की अपील की है।