आलापुर। महाशिवरात्रि और रमजान माह के मद्देनजर कानून-व्यवस्था व सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से सोमवार को आलापुर कोतवाली परिसर में बैठक हुई।
इंस्पेक्टर रितेश कुमार पांडेय ने बताया कि महाशिवरात्रि पर शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ और रमजान माह में नमाज व अन्य धार्मिक गतिविधियों को देखते हुए पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी। उन्होंने ग्राम प्रधानों से गांवों में स्थापित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं तथा अन्य देवी-देवताओं की मूर्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की। त्योहारों के दौरान बिजली, पानी, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था जैसी बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। व्यापार मंडल के अध्यक्ष माया अग्रहरि ने रामनगर चौक पर लगने वाले जाम की समस्या को प्रमुखता से उठाया। इंस्पेक्टर ने आश्वासन दिया कि यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए संबंधित विभागों को सूचित कर दिया गया है। प्रधान संघ के अध्यक्ष मनीष यादव, सभाजीत पाल, बदरुल हसन, विमल जायसवाल, बंटी पांडेय, शमशेर सिंह, विशाल चौरसिया, मुकुल जायसवाल मौजूद रहे।