अंबेडकरनगर। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित लोगों और पहली बार मतदान के लिए पात्र हुए युवाओं को शनिवार को एक और मौका मिलेगा। जिले के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष मतदाता पंजीकरण कैंप लगाए जाएंगे। सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक चलने वाले कैंप में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे। वे मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6 प्राप्त करेंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्योत्स्ना बंधु ने पात्र नागरिकों से अभियान का लाभ उठाकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के बाद यह अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं को सूची में शामिल करना है। इसके लिए जिले के सभी मतदेय स्थलों पर संबंधित बीएलओ निर्धारित समय तक मौजूद रहकर आवेदन प्राप्त करेंगे।
ये दस्तावेज लेकर पहुंचें
मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के इच्छुक नागरिकों को अपने मतदेय स्थल पर पहुंचकर बीएलओ से संपर्क करना होगा। आवेदन के साथ अद्यतन फोटो, जन्मतिथि और निवास प्रमाण से संबंधित अभिलेखों की स्वप्रमाणित छायाप्रतियां ले जानी होंगी। परिवार के किसी सदस्य का मतदाता फोटो पहचान पत्र (एपिक) नंबर उपलब्ध होने पर उसे भी साथ रखने की सलाह दी गई है। पात्र नागरिक फार्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे।
बीएलओ की उपस्थिति पर रहेगी निगरानी
विशेष अभियान के सुचारु संचालन के लिए पर्यवेक्षकों की भी तैनाती की गई है। पर्यवेक्षक विभिन्न मतदेय स्थलों का भ्रमण कर बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे। साथ ही कैंप में प्राप्त आवेदनों की सूचना उसी दिन संबंधित उपजिलाधिकारी और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में उपलब्ध कराएंगे।