अंबेडकरनगर। सुभाष स्पोर्टिंग क्लब बेनीपुर के तत्वावधान में चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता में शनिवार को क्वार्टर फाइनल मैच खेले गए। पहला क्वार्टर फाइनल तिवारीपुर की टीम व दूसरा क्वार्टर फाइनल मैच शिवबाबा की टीम ने जीता।
पहला क्वार्टर फाइनल मुकाबला मिझौड़ा आईटीआई व तिवारीपुर के बीच खेला गया। टॉस जीत कर तिवारीपुर की टीम ने निर्धारित छह ओवरों में 58 रन का लक्ष्य दिया। मिझौड़ा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महज एक विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया।
दूसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला शिवबाबा व घरवासपुर के बीच खेला गया। शिवबाबा की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह ओवरों में 94 रन का लक्ष्य खड़ा किया। घरवासपुर की टीम महज 25 रन पर ही ढेर हो गई। इसके साथ ही तिवारीपुर व शिवबाबा की टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई।
आयोजन के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य कटेहरी पवन सिंह ने खिलाड़ियों से मिलकर उनका परिचय प्राप्त करते हुए उत्साहवर्धन किया। आयोजन को सफल बनाने में तबरेज खान सहित अन्य लोग जुटे हैं।