अंबेडकरनगर। जिला व ब्लॉक स्तर पर आयोजित होने वाली खेलकूद प्रतियोगिता की समय सारिणी जारी हो गई है। इस खेलकूद प्रतियोगिता में सभी आयु वर्ग के युवा भाग ले सकेंगे। जिला युवा कल्याण विभाग ने खेलकूद प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन करने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता के बाद जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता 18 व 19 जनवरी को जिला मुख्यालय स्थित एकलव्य स्टेडियम में होगी। खेल विभाग ने सभी युवाओं से खेलकूद प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का आह्वान किया है।
यह जानकारी जिला युवा कल्याण अधिकारी अखंड प्रताप यादव ने दी। उन्हाेंने बताया कि प्रति वर्ष की तरह इस बार भी युवा कल्याण विभाग की ओर से ब्लॉक व जिला स्तर पर खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में सभी आयु वर्ग के युवा खिलाड़ी हिस्सा ले सकते हैं। कटेहरी ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता चार जनवरी को रामदेव जनता इंटर कॉलेज में होगी। अकबरपुर ब्लॉक क्षेत्र की प्रतियोगिता 6 जनवरी को पायका केंद्र बेवाना, टांडा ब्लॉक क्षेत्र की प्रतियोगिता 7 जनवरी को भगवती प्रसाद मेमोरियल इंटर कॉलेज बेलांगर, बसखारी ब्लॉक की प्रतियोगिता 8 जनवरी को रांगेय राघव इंटर कॉलेज हंसवर, जलालपुर ब्लॉक की 9 जनवरी को एनडी इंटर कॉलेज जलालपुर, 11 जनवरी को भियांव ब्लॉक की रामहित भोरईराम इंटर कॉलेज भियांव, रामनगर विकास खंड की 12 जनवरी को ग्रामीण स्टेडियम आलापुर व जहांगीरगंज ब्लॉक क्षेत्र के युवाओं की खेलकूद प्रतियोगिता 13 जनवरी को चंडी प्रसाद अक्षय मिश्र राष्ट्रीय इंटर कॉलेज तेंदुआईकला में आयोजित होगी।
इसके अलावा जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता 18 व 19 जनवरी को जिला मुख्यालय स्थित एकलव्य स्टेडियम में होगी। इसमें दौड़, वॉलीबाल, कबड्डी व कुश्ती आदि प्रतियोगिताएं होंगी। युवक मंगल दल के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप सिंह ने सभी युवाओं से खेलकूद प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का आह्वान किया है। कहा कि ब्लॉक स्तर पर सफल युवाओं को जिला और जिला स्तर की खेलकूद प्रतियोगिता में प्रतिभाग का मौका मिलेगा। इसके बाद उन्हें आगे मंडल व राज्य स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर प्राप्त होगा। ऐसे में जिला युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित की जा रही खेलकूद प्रतियोगिता में सभी युवा बेहिचक भागीदारी सुनिश्चित करें।