अंबेडकरनगर। जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जनपद पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस प्रशासन ने अब तक 189 अति संवेदनशील मतदान केंद्रों को चिह्नित करते हुए मानक के अतिरिक्त अधिक पुलिस बल व अधिक पीएसी तैनात करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही माइक्रो आब्जर्बर की नियुक्ति की गई है।
एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि मतदान के समय इन मतदान केंद्रों की वीडियोग्राफी करायी जाएगी जो मतदान समाप्त होने तक चलती रहेगी।
मतदान के दौरान आकस्मिक स्थिति में संवेदनशील मतदान केंद्रों पर कम से कम समय में पहुंचने के लिए 77 क्लस्टर मोबाइल वाहन निरंतर भ्रमण पर रहेंगे, जो मतदान की स्थिति का जायजा लेते रहेंगे। इसके अलावा 35 पीआरवी वाहनों का रूट संवेदनशील मतदान केंद्रों के दृष्टिगत तैयार किया गया है, ताकि आकस्मिक स्थिति में कम से कम समय में टीम मौके पर पहुंचकर उत्पन्न हो रही समस्या को दूर कर सके। साथ ही गड़बड़ी फैला रहे लोगों का गिरफ्तार करते हुए अभियोग पंजीकृत कर जेल भेजा जाए।
एसपी ने बताया कि इसी क्रम में संवेदनशील मतदान केंद्रों पर समस्या उत्पन्न करने वालों लोगों को चिह्नित करने की भी कार्रवाई जारी है। जनपद पुलिस अब तक अशांति फैलाने की आशंका में 32 हजार 983 व्यक्तियों को पाबंद कर चुकी है। इसके अलावा अवैध शराब के क्रय-विक्रय व निष्कर्षण के संबंध में भी पुलिस की कार्रवाई जारी है। अब तक 2531 लीटर अवैध शराब की बरामदगी की गई है, एवं अवैध शराब क्रय-विक्रय व निष्कर्षण करने वाले 190 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने पर पुलिस ने कुल 10 अभियोग पंजीकृत किए हैं। अन्य कार्रवाई भी जारी है। एसपी ने कहा कि कोरोना महामारी के बीच त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। यदि कोई कोरोना गाइडलाइन व आदर्श चुनाव आचार संहिता के निर्देशों का उल्लंघन करेगा तो उसके विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी।