अंबेडकरनगर। पंखे में उतरे करंट की चपेट में आकर रविवार को एक ही परिवार के तीन बच्चे झुलस गए। घटना से परिवारीजनों में हड़कंप मच गया। आननफानन से निजी वाहन से तीनों झुलसे बच्चों को लेकर परिवारीजन जिला अस्पताल पहुंचे और भर्ती कराया। दो किशोरों की हालत गंभीर बनी हुई है।
अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के सुड़ारी गांव निवासी नजमुल हसन के घर उस समय हड़कंप मच गया जब परिवार के तीन बच्चे करंट की चपेट में आकर झुलस गए। बताया जाता है कि घर के दालान में पंखा चल रहा था। बच्चे खेलते हुए पंखे के पास पहुंच गए और करंट की चपेट में आकर झुलस गए।
अचानक तीनों को दालान में गिरा देख परिवारीजनों के होश उड़ गए। पंखे का प्लग तत्काल बोर्ड से अलग किया गया। इसके बाद परिवारीजन निजी वाहन से सज्जाद हुसैन (7) पुत्र नजमुल हसन, वाहिब (10) पुत्र शमशुल हसन व मोहम्मद हुसैन (11) पुत्र हसन को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद एक किशोर की हालत सामान्य हो गई जबकि सज्जाद हुसैन व वाहिब की हालत गंभीर बनी हुई है।