अंबेडकरनगर। डेढ़ दशक पहले गाड़ी बुक कर उसे लूट लेने और चालक की हत्या करने के मामले में कोर्ट ने तीन दोषियों की आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही अर्थदंड सभी पर लगाते हुए कोर्ट ने कहा कि इसकी अदायगी न करने पर तीन माह के अतिरिक्त कारावास की सजा भुगतनी होगी।
मामला वर्ष 2010 में टांडा कोतवाली क्षेत्र का है। बस्ती जिले के वाल्टरगंज थाना अंतर्गत गनेशपुर निवासी रामभवन यादव ने टांडा कोतवाली पुलिस ने तहरीर देकर कहा कि बस्ती के कटरी निवासी गुलाम मोहम्मद ने उनके भाई रामरक्षा से चार पहिया वाहन की किराए पर बुकिंग की। इसके बाद उनके भाई का शव टांडा कोतवाली क्षेत्र में सुंथर व हजलापुर गांव के बीच सड़क किनारे पड़ा मिला। रामरक्षा का मोबाइल व गाड़ी दोनों मौके पर नहीं मिले। पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर हत्या व लूट का केस दर्ज कर लिया। इसके बाद पुलिस ने गुलाम मोहम्मद निवासी कटरी, झिनकान निवासी गनेशपुर, वाल्टरगंज, रईस अहमद निवासी कटरी व राकेश गुप्त निवासी सोरपुर, थाना चिलुआताल जनपद गोरखपुर के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया।
चारों जमानत पर रिहा चल रहे थे। इस बीच अपर जनपद न्यायाधीश प्रथम डाॅ.जया पाठक ने मामले में सुनवाई पूरी की। सजा सुनाए जाने के दौरान सिर्फ तीन अभियुक्त झिनकान, राकेश गुप्त और रईस कोर्ट में हाजिर हुए। जज ने तीनों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। वहीं, गुलाम मोहम्मद को न्यायिक अभिरक्षा में न लिए जाने के कारण सजा नहीं सुनाई जा सकी। उसके खिलाफ पुलिस को गैर जमानती वारंट निर्गत कर दिया गया।