जिले में सर्पदंश की घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार को भी एक महिला समेत तीन लोगों को सांप ने डस लिया, सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। थाना क्षेत्र बसखारी अंतर्गत मसड़ा मोहनपुर गांव निवासी कौशल कुमार (22) पुत्र बृजभूषण बुधवार सुबह खेत में कार्य करते समय सर्पदंश का शिकार हो गया।
उसे पहले बसखारी सीएचसी ले जाया गया, जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, सम्मनपुर थाना अंतर्गत कुर्कीबाजार निवासी सौरभ (28) पुत्र महेंद्र कुमार को बुधवार सुबह उस समय सांप ने डस लिया, जब वह खेत की तरफ जा रहा था। परिवारीजनों को जानकारी हुई तो उनमें रोना-पीटना मच गया।
आननफानन में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर, अहिरौली थाना अंतर्गत नरायनपुर निवासिनी विमला देवी (40) पत्नी संजय को बुधवार सुबह घर की साफ-सफाई करने के दौरान सांप ने डस लिया। परिवारीजनों ने उसे सीएचसी कटेहरी में भर्ती कराया जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।