जलालपुर। कटका पुलिस टीम ने शुक्रवार की रात पाभीपुर नहर पुलिया के पास मुठभेड़ के दौरान तीन बदमाशों को धर दबोचा। फायरिंग के दौरान एक आरक्षी व एक बदमाश घायल हो गया। पकड़े गए बदमाशों के पास से पुलिस ने बाइक, पिकअप, अवैध असलहा व चोरी के 10 हजार 900 रुपये बरामद किए हैं। पूछताछ के बाद तीनों बदमाशों को जेल भेज दिया गया।
कटका थानाध्यक्ष विजय प्रताप तिवारी ने बताया कि शुक्रवार देर रात वे टीम के साथ रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान पाभीपुर नहर पुलिया के पास चेकिंग के दौरान एक बाइक पर तीन सवार व्यक्ति गोविंद साहब की तरफ से आते दिखाई पड़े, जिन्हें टार्च की रोशनी व बैरियर की मदद से रोकने का प्रयास किया गया, परंतु बाइक सवार दुल्हूपुर की तरफ भागने का प्रयास करने लगे। इस पर पुलिस टीम को उनके बदमाश होने का शक हुआ और तत्काल इसकी सूचना डायल 112, थाने की रेसर मोबाइल टीम को देने के साथ ही अन्य थानों को सूचित किया गया।
टीम ने बदमाशों का पीछा जारी रखा। पुलिस की घेराबंदी के बीच करीमनगर तिराहे के पास बदमाशों की बाइक फिसल गई, जिससे वे गिर पड़े और गाड़ी से उतरकर भागते हुए पुलिस टीम पर फायर कर दिया। इसमें गोली लगने से एक आरक्षी घायल हो गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश भी घायल हो गया। इसके बाद टीम ने घायल बदमाश राहुल यादव व भाग रहे मोहम्मद तारिक व छोटू उर्फ आतिफ को दबोच लिया।
पकड़े गए बदमाश राहुल की पहचान ईशापुर निवासी थाना फूलपुर आजमगढ़, मोहम्मद तारिक व छोटू उर्फ आतिफ निवासी मुंडियार, थाना फूलपुर, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई।
पुलिस टीम ने बदमाशों के पास से एक अवैध असलहा, कारतूस, बाइक, पिकअप वाहन व चोरी के 10 हजार 900 रुपये बरामद करने का दावा किया है। एसओ विजय प्रताप तिवारी ने बताया कि राहुल यादव के विरुद्घ अलग-अलग थानों में 12, मोहम्मद तारिक के विरुद्घ 3 व छोटू उर्फ आतिफ के विरुद्घ थानों में 6 मुकदमे दर्ज हैं। तीनों का आपराधिक इतिहास है। बाद में तीनों को जेल भेज दिया गया।