अंबेडकरनगर। गरज चमक व तेज हवा के बीच हुई मूसलधार बारिश ने जिले की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह छिन्नभिन्न कर दी। कहीं इंसुलेटर फुंक गया तो कहीं पेड़ की डाल गिरने से तार व खंभा क्षतिग्रस्त हो गया। नतीजा यह रहा कि बुधवार पूरी रात लगभग तीन लाख से अधिक की आबादी को अंधेरे में गुजारने को मजबूर होना पड़ा। गुरुवार दोपहर आपूर्ति बहाल की जा सकी।
बुधवार देर शाम से गरज चमक व तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। जगह-जगह पेड़ों की डाल बिजली के तार पर गिर पड़ी। इससे तार व खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। कई स्थानों पर इंसुलेटर फुंक गए। बारिश व तेज हवा के चलते सभी फीडरों ने काम करना बंद दिया। नतीजतन संबंधित क्षेत्र अंधेरे में डूब गए।
पूरी रात बिजली नहीं आई। इससे उपभोक्ताओं को विभिन्न प्रकार की मुश्किलों का सामना करना पड़ा। गुरुवार दोपहर बाद फाल्ट दूरकर बिजली आपूर्ति बहाल की गई। उधर अकबरपुर विद्युत उपकेंद्र के अधिशाषी अभियंता वीके मिश्र ने बताया कि गुरुवार को गड़बड़ी दूर कर आपूर्ति बहाल करा दी गई।