अंबेडकरनगर। तेज गरज चमक के साथ ही बुधवार लगभग पूरी रात झमाझम बारिश हुई। धान व गन्ने की फसल जहां-तहां खेतों में गिर पड़ी। सबसे अधिक नुकसान धान की उन अगैती फसलों को हुआ। तेज हवा के साथ बारिश होने से कहीं टीनशेड उड़ गए तो कहीं कच्चे घरों को नुकसान पहुंचा।
बुधवार देर शाम से ही बूंदाबांदी व तेज हवा चलने का सिलसिला शुरू हो गया। गरज चमक के बीच हुई मूसलधार बारिश का सिलसिला गुरुवार भोर में थमा। विभिन्न क्षेत्रों में धान के साथ-साथ गन्ने की फसल धराशायी हो गई। अब कटाई भी प्रभावित हो गई है। अब सूखने के बाद ही कटाई हो सकेगी। इसके अलावा उपज पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है।
अकबरपुर-अयोध्या मार्ग, मिझौड़ा मार्ग, बसखरी जलालपुर मार्ग, रामनगर जहांगीरगंज मार्ग, अकबरपुर टांडा, मालीपुर व दोस्तपुर मार्ग के अलावा कई अन्य क्षेत्रों में पेड़ गिर पड़े। अकबरपुर नगर के मीरानपुर मोहल्ला निवासी लंबू के घर का टीन शेड जहां उड़ गया तो वहीं गोविंदा के घर का छज्जा ढह गया। औरंगनगर निवासी रमेश गुप्ता का कच्चा घर धराशायी हो गया। राजेसुल्तानपुर निवासी अरविंद कुमार के घर की दीवार ढह गई तो भीटी निवासी रामचंदर का टीन शेड उड़ गया।
तेज बारिश के चलते जिले के कई विद्यालयों के परिसर जलमग्न हो गए। प्राथमिक विद्यालय सुबारपुर के मुख्य गेट पर घुटने तक पानी भर गया। प्राथमिक विद्यालय हजपुरा का परिसर पूरी तरह से जलमग्न हो गया। किसान राष्ट्रीय जूनियर हाईस्कूल गौहन्ना परिसर में घुटने तक पानी भर गया। इसका सीधा प्रभाव संबंधित विद्यालय में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति पर पड़ा।