बलरामपुर। जिले के ग्रामीण अंचलों में रहने वाले करीब तीन लाख लोगों को जल्द ही रोडवेज बस सेवा की सुविधा मिलने जा रही है। परिवहन निगम द्वारा बलरामपुर डिपो को तीन नई छोटी बसें उपलब्ध कराई गई हैं, जिन्हें दो ग्रामीण रूटों पर चलाया जाएगा।
इनमें पहला रूट उतरौला से गैड़ास बुजुर्ग होते हुए अयोध्या धाम, जबकि दूसरा बलरामपुर से हरिहरगंज बाजार, कोड़री, मथुरा, शिवपुरा होते हुए सिरसिया बाजार तक होगा। इन रूटों पर बस संचालन से ग्रामीणों को डग्गामार वाहनों से राहत मिलेगी और सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन का विकल्प उपलब्ध होगा। वर्तमान में बलरामपुर डिपो में कुल 104 बसें थीं, जिनमें 93 निगम की और 11 अनुबंधित बसें शामिल थीं। निगम की बसें 52 सीटर बड़ी बसें हैं, जबकि अनुबंधित बसें 40 सीटर छोटी बसें हैं। ग्रामीण क्षेत्रों की संकरी सड़कों पर बड़ी बसों को ले जाना संभव नहीं होने के कारण लंबे समय से छोटी बसों की मांग की जा रही थी। अब तीन नई छोटी बसों के शामिल होने से डिपो का बेड़ा बढ़कर 107 बसों का हो गया है। इससे उन गांवों को लाभ मिलेगा, जहां पहले सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण बसें नहीं चल पाती थीं।
अब मिलेगा समाधान
बलदेव, शिव प्रसाद, शिव कुमार और मनोज आदि स्थानीय नागरिकों ने बताया कि इन रूटों पर रोडवेज बसें न होने से ग्रामीणों को मजबूरी में निजी व डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ता था। अब रोडवेज की सुविधा मिलने से सुरक्षित, सस्ता और नियमित परिवहन उपलब्ध होगा।
जल्द शुरू होगा संचालन
बलरामपुर डिपो को तीन छोटी रोडवेज बसें मिली हैं। इन्हें ग्रामीण रूटों पर चलाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। जल्द ही इन रूटों पर बसों का संचालन प्रारंभ किया जाएगा।
गोपीनाथ दीक्षित, एआरएम