विटामिन ए की खुराक पीने पहुंचे बच्चे।
अंबेडकरनगर। विटामिन ए संपूर्ण कार्यक्रम के तहत नौ माह से पांच वर्ष तक आयु के बच्चों को विटामिन ए की खुराक देने के अभियान का शुभारंभ बुधवार को हुआ। सीएमओ डॉ. राजकुमार ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर ऐनवा टांडा में बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की। अन्य स्थानों पर भी बच्चों को विटामिन ए की खुराक दी गई।
सीएमओ डॉ. राजकुमार ने कहा कि कार्यक्रम चार दिसंबर से तीन जनवरी तक संचालित किया जाएगा। बच्चों को टीकाकरण सत्र स्थल पर विटामिन ए की खुराक निर्धारित डोज के अनुसार एएनएम द्वारा पिलाई जाएगी। बताया कि विटामिन ए वसा में घुलनशील विटामिन है, जो शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि करती है। नौ माह से पांच साल तक की बच्चों की ड्यू लिस्ट आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा बनाई जाएगी। इसका मोबिलाइजेशन आशा के द्वारा सत्र स्थल पर किया जाएगा। ब्लॉक टांडा में कुल लक्ष्य 49033 बच्चों का है। पूरे जनपद में 2,90,400 बच्चों को विटामिन ए की खुराक दी जाएगी। इस मौके पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. मारकंडेय, अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टांडा डॉ. दिनेश कुमार वर्मा, जिला कोऑर्डिनेटर सत्येंद्र सिंह, आरती यादव, राजेश जायसवाल आदि मौजूद रहे।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर के चिकित्सक डॉ. राजेंद्र प्रसाद गौतम ने बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि विटामिन ए की दवा बच्चों में रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाती है। साथ ही वह उन्हें कुपोषण, रतौंधी, अंधापन, डायरिया और निमोनिया से सुरक्षित रखती है। क्षेत्र के नौ माह से पांच साल तक के कुल तीन लाख 25 हजार बच्चों को विटामिन ए की दवा पिलाने का लक्ष्य है। क्षेत्र के 32 स्थानों पर विटामिन ए की खुराक पिलाई गई। इस मौके पर बीपीएम विनोद कुमार, सीपीएम लल्लन प्रसाद, श्रीशचंद मिश्रा व आशा बिंदु देवी समेत अन्य कर्मी मौजूद रहे। जलालपुर, भीटी, टांडा, बसखारी आदि क्षेत्रों में भी इसी तरह के अभियान चले।