अंबेडकरनगर। राजकीय खेल स्टेडियम के मैदान में 18 दिसंबर से तीन दिन तक राज्यसतरीय सब जूनियर महिला हॉकी टूर्नामेंट होगा। सोमवार को प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रदेश के खेल मंत्री गिरीशचंद्र यादव करेंगे। एक दिन पहले रविवार को अलग अलग मंडलों टीमें यहां पहुंच गईं।
अकबरपुर में एक बार फिर से बड़े खेल का आयोजन होने जा रहा है। पिछले कुछ वर्षों से यहां खेल गतिविधियां बढ़ी हैं। इसी क्रम में अब इस जिले को यूपी स्टेट सब जूनियर गर्ल्स हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी करने का बड़ा मौका मिला है। आयोजन संयोजक व जिला हॉकी संघ सचिव डॉ. हनुमान प्रताप सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में मेरठ, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, आजमगढ़, अयोध्या, लखनऊ व कानपुर मंडल की टीम भाग लेंगी। इसके अलावा हॉकी एसोसिएशन अंबेडकरनगर व एनटीपीसी की हॉकी टीम भी मैच खेलेगी।
इन सभी टीम ने रविवार को ही यहां पहुंचकर मैदान में अभ्यास किया। यूपी अंपायर हॉकी कमेटी के चेयरमैन अविनाश श्रीवास्तव, जिला खेल अधिकारी शीला भट्टाचार्य व जिला सचिव डॉ. हनुमान ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका मनोबल बढ़ाया। इस बीच प्रतियोगिता की सफलता के लिए केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी बधाई संदेश भेजकर खिलाडिय़ों का मनोबल बढ़ाया है।
सोमवार को प्रतियोगिता के शुभारंभ समारोह में एमएलसी हरिओम पांडेय, बीजेपी जिलाध्यक्ष त्रयंबक तिवारी व डीएम अविनाश सिंह के अलावा जिला प्रशासन के कई और अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। तीन दिन तक चलने वाली प्रतियोगिता के अलग अलग दिन कई अन्य जनप्रतिनिधियों तथा विशिष्ट हस्तियों के पहुंचने की उम्मीद है।