हजपुरा/जलालपुर। सम्मनपुर और कटका क्षेत्र में मंगलवार रात चोरों ने तीन दुकानों और एक स्कूल को निशाना बनाया। चोरों ने चार लैपटॉप, 1500 रुपये नकद और मध्याह्न भोजन का सामान चुरा लिया। बुधवार सुबह चोरी का पता चला।
सम्मनपुर के कुर्की बाजार में ब्रह्मदेव के जनसेवा केंद्र से तीन लैपटॉप और 1500 रुपये नकद गायब मिले। चोर दुकान के पीछे का टीन शेड उठाकर अंदर घुसे थे। इसके बाद चोरों ने बैंक ऑफ बड़ौदा के मिनी ब्रांच को निशाना बनाया। अनुपम ने बताया कि उनकी ब्रांच से एक पुराना लैपटॉप चोरी हुआ। चोरों ने आरके मेडिकल स्टोर को भी खंगाला, पर वहां से कुछ चोरी नहीं हुआ। जनसेवा केंद्र के सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर भी क्षतिग्रस्त कर दिए गए। पुलिस ने क्षतिग्रस्त डीवीआर कब्जे में लेकर जांच के लिए भेजा है। थानाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी ने चोरों की तलाश जारी होने की बात कही है।
कटका के सेमरा गांव स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय के रसोईघर का ताला तोड़कर चोरी हुई। चोर मध्याह्न भोजन का राशन और रसोई के बर्तन ले गए। इनमें गैस सिलिंडर, चूल्हा, प्रेशर कुकर, दो बड़े भगोने, तवा, परात और तसला शामिल हैं। इस चोरी से छात्र-छात्राओं के मध्याह्न भोजन की व्यवस्था प्रभावित हुई है। प्रधानाध्यापक कपिल देव ने चोरी की जानकारी दी। थानाध्यक्ष अक्षय कुमार पटेल ने शिकायत मिलने पर जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया।