टांडा। दो दिन पहले चोरी हुई बाइक के साथ शातिर चोर को अलीगंज पुलिस ने अवैध असलहे सहित गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसका न्यायालय से चालान कर दिया गया। सीओ अमरबहादुर ने बताया कि थाना क्षेत्र के मोहल्ला कश्मीरिया के पास से मोहम्मद आरिफ निवासी खासपुर की बाइक चोरी हो गयी थी। मामले में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था।
बुधवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक चोरी की बाइक लेकर मोजनपुर से एनटीपीसी की तरफ भागने की फिराक में है। इस पर थाने के वरिष्ठ उप निरीक्षक हीरालाल यादव, उप निरीक्षक मुन्नीलाल चौधरी, सिपाही अरविंद सरोज, अनिल कुमार, गुफरान खां ने घेराबंदी की और मोजनपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास उसे रोकने का प्रयास किया। इस पर युवक भागने लगा। हालांकि, उसे घेरकर पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक तमंचा व दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पकड़े गए युवक ने अपना नाम भीम चौहान उर्फ पिल्लू निवासी मोहल्ला कश्मीरिया, थाना कोतवाली टांडा बताया। इसके विरुद्ध केस दर्जकर चालान कर दिया गया। एसओ रामचंद्र सरोज ने बताया कि भीम चौहान के विरुद्ध कोतवाली टांडा, जीआरपी अकबरपुर व थाना अलीगंज में पहले से ही कई मुकदमे में दर्ज हैं। एसपी आलोक प्रियदर्शी ने टीम की इस सफलता पर 10 हजार रुपए इनाम देने की घोषणा की है।