काउंटिंग प्रारंभ होने से पूर्व ही मतगणना स्थल के निकट बड़ी संख्या में प्रत्याशियों के समर्थक एकत्र हो गए थे। सुबह से ही उनके पहुंचने का सिलसिला प्रारंभ हो गया जो अपराह्न तक जारी रहा। मतगणना शुरू हुई तो समर्थक प्रत्याशियों की स्थिति जानने को काफी उत्सुक रहे।
जैसे-जैसे मतों की गणना का कार्य तेज होता जा रहा था, बाहर वैसे ही सरगर्मी बढ़ती जा रही थी। थोड़ी-थोड़ी देर पर परिणाम की घोषणा होने के साथ ही मतगणना स्थलों के बाहर खड़े समर्थकों का जोश चरम पर पहुंच रहा था। विजय होने के साथ ही संबंधित प्रत्याशी को गोद में उठाकर लोग खुशी जता रहे थे।
वाहनों में रखे मिठाई के डिब्बे आनन-फानन में बाहर आए और उनका वितरण किया गया। अबीर-गुलाल का दौर भी जमकर चला। कई जगह इसे लेकर सुरक्षाकर्मियों से नोकझोंक भी हुई लेकिन कोई बड़ा विवाद सामने नहीं आया।