जलालपुर/ हजपुरा (अंबेडकरनगर)। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के नैली सुबारपुर गांव में वृद्ध दंपती की मौत से हड़कंप मच गया। बुधवार दिन में गांव निवासी रामप्यारे (80) के घर से दुर्गंध आने पर ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई।
जानकारी मिलने पर अकबरपुर रह रहा उसका पुत्र गांव पहुंचा तो घर के अंदर का दृश्य देख सन्न रह गया। वहां पिता रामप्यारे के अलावा मां कलावती का भी शव पड़ा था। शव कई दिन पुराना होने के कारण क्षत-विक्षत हो चुका था। बाद में ग्रामीणों के सहयोग से बुढ़नपुर घाट पर दोनों पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा तथा भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष प्रह्लाद वर्मा आदि मौजूद रहे। उधर थानाध्यक्ष जेपी सिंह ने बताया कि देर से जानकारी मिली है। मौके पर जाकर छानबीन की जा रही है। (संवाद)