अंबेडकरनगर। बिजली व्यवस्था दिन-ब-दिन बदतर होती जा रही है। अकबरपुर में फॉल्ट होने से सोमवार को अकबरपुर में बिजली करीब चार घंटे तक गुल रही। अचानक बिजली आपूर्ति ठप होने से पांच हजार की आबादी को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। वहीं, ग्रामीण क्षेत्र के बिजलीघरों के ओवरलोड होने के कारण ट्रिपिंग की समस्या रही।
अकबरपुर के पटेलनगर बिजलीघर से संचालित शहरी क्षेत्र की करीब पांच हजार आबादी की बिजली सोमवार करीब एक बजे अचानक गुल हो गई। बिजलीकर्मी फॉल्ट को खोजने में जुट गए, लेकिन जानकारी नहीं हो पा रही थी। दोपहर तीन बजे राहुल नगर कॉलोनी में फॉल्ट की जानकारी मिलने के बाद उसे ठीक कर शाम करीब पांच बजे आपूर्ति बहाल कराई जा सकी। इस दौरान हल्की बारिश से होने वाली उमस से उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ा। कई घंटे बिजली गुल रहने से लोगों के इन्वर्टर भी बोल गए। इसके बाद निजी संस्थाओं और दुकानदारों में जनरेटर के सहारे अपने जरूरी काम काज निपटाए।
वीआईपी फीडर पर भी दिनभर बिजली की आवाजाही लगी रही। महरुआ उपकेंद्र से नसीपुर, पतौना, वेस्ट, मंशापुर और रामनगर कर्री फीडर के मथानी, पितांबरपुर, लोकनाथपुर, सेमरी जैमलपुर, प्राणनाथ, नरसिंह दासपुर, महरूआ, कटरिया, बड़ागांव, आदमपुर तिंदौली, हरिश्चंद्रपुर, सुखारीगंज, सेहरी जलालपुर, रामबाबा, बलरामपुर जरियारी समेत 20 गांव की बिजली आपूर्ति दी जाती है। रविवार रात नौ बजे ओवरलोडिंग के चलते बिजली गुल हो गई। रात 10 बजे बहाल हुई। 30 मिनट रहने के बाद दोबारा बिजली गुल होने के बाद रात 12 बजे आपूर्ति बहाल हुई। इसके बाद भी पूरी रात ट्रिपिंग से ग्रामीण उमस भरी गर्मी में करवट बदलते रहे।
सोमवार को बरवा बैरमपुर बिजलीघर का भी यही हाल रहा। ब्रेकडाउन चलते भीटी बिजलीघर से जुड़े उपभोक्ताओं की बिजली 12 बजे से चार बजे बाधित हो सकी। अधीक्षण अभियंता राजकुमार त्रिपाठी ने बताया कि फॉल्ट को ठीक कराकर आपूर्ति बहाल करा दी गई है।