अंबेडकरनगर। जाफरगंज रेलवे स्टेशन के लूप ट्रैक पर मिले युवक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट लगने और रक्तस्राव से मौत होने की पुष्टि हुई है। ऐसे में परिजनों के सिर पर प्रहार कर हत्या करने के आरोप सच साबित हुए हैं, लेकिन हत्या जैसे मामले में भी जीआरपी पुलिस मुकदमा दर्ज करने से बच रही है। जीआरपी थाना प्रभारी ने घटनास्थल कहीं और होने की बात कहकर परिजनों को अकबरपुर कोतवाली भेज दिया। यहीं वजह है कि शव मिलने के करीब 30 घंंटे बीतने के बाद भी केस दर्ज नहीं हो सका है।
अकबरपुर के करतोरा निवासी अर्पित (22) बीते नौ अप्रैल की रात किसी का फोन आने पर घर से निकले थे। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। 10 अप्रैल की सुबह युवक का शव घर से करीब दो किलोमीटर दूर जाफरगंज स्टेशन की लूप लाइन पर मिला। अर्पित की जेब से मिले मोबाइल से उसकी शिनाख्त कर जीआरपी ने परिजनों को सूचना दी थी। मामले में शुरुआत से ही परिजन हत्या किए जाने की बात कह रहे थे, लेकिन जीआरपी पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई करने की बात कह रही थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर चोट से मौत की पुष्टि होने के बाद भी जीआरपी थाना प्रभारी अजय कुमार ने मुकदमा दर्ज करना उचित नहीं समझा। मृतक के पिता रामउदित ने बताया कि उनके पुत्र को घर से बुलाकर हत्या की गई, जिसके बाद शव को रेलवे ट्रैक पर ठिकाने लगा दिया गया, ताकि कोई ट्रेन कुचल दे और हत्या की पुष्टि न हो पाए।
शुक्रवार को परिजन जब तहरीर लेकर जीआरपी थाने पहुंचे तो उनको यह कहकर वापस लौटा दिया कि अर्पित की हत्या रेलवे परिसर के बाहर हुई है। ऐसे में केस अकबरपुर कोतवाली में दर्ज होगा। अब परिजन जीआरपी और कोतवाली के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनका केस दर्ज करने को कोई तैयार नहीं है।
-
जोते गए खेत में हत्या की आशंका
रेलवे ट्रैक से 50 मीटर दूर संतराम के जोते हुए खेत में कई लोगों के पैरों के निशान मिले हैं। शराब व पानी की बोतल भी परिजनोंं को मिली है। पैर के निशान से यह प्रतीत हो रहा है कि घटना को वहीं अंजाम देने के बाद अर्पित को वहां से उठाकर रेलवे ट्रैक पर लिटा दिया गया है। खास बात तो यह है कि जीआरपी पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में न तो स्वयं और न ही फोरेंसिक जांच कराना भी जरूरी समझा।
वर्जन
हो रही है जांच
परिवार के लोगों की ओर से प्राप्त तहरीर में घटनास्थल का जिक्र कहीं और का किया गया है। सीओ जीआरपी अमित कुमार सिंह को मौके पर जांच के लिए भेजा गया है। अगर अंबेडकरनगर पुलिस केस दर्ज नहीं कर रही है तो जीआरपी मुकदमा दर्ज कर जांच करेगी।
- प्रशांत वर्मा, एसपी जीआरपी