उसके गले पर तार से कसने के निशान भी हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि तार से गला घोंटने के साथ ही उसे करंट भी लगाया गया है। मृतक के पिता ने चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
महरुआ थाना क्षेत्र के पांती गांव निवासी जयप्रकाश पाठक का पुत्र संदीप पाठक (28) बुधवार रात को खाना खाने के बाद किसी काम से घर से निकला था। काफी देर बाद भी संदीप के नहीं लौटने पर परिवारीजन चिंतित होकर ग्रामीणों संग उसे तलाशने निकले। मगर काफी तलाशने पर भी संदीप का कुछ पता नहीं चला।
घरवाले किसी अनहोनी की आशंका से परेशान थे। इसी बीच गुरुवार भोर खेत जाने के लिए निकले ग्रामीणों ने जयप्रकाश के घर से बमुश्किल 300 मीटर दूर झाड़ियों में एक युवक की लाश पड़ी देखी। नजदीक जाकर देखने पर पता चला कि वो संदीप की लाश है। जानकारी होने पर परिवारीजन भी रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे।
प्रथमदृष्टया ही लग रहा था कि संदीप की अन्यत्र हत्या करके शव लाकर झाड़ियों में फेंका गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उसके दोनों पैरों व एक हाथ में बिजली का नंगा तार लिपटा था। गले पर तार से कसने का गहरा निशान था। ऐसा प्रतीत हो रहा था कि तार से गला दबाने के साथ ही उसे करंट भी लगाया गया था।
हत्या की सूचना मिलने पर एसओ राजदेव मिश्र दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिवारीजनों व ग्रामीणों से आवश्यक पूछताछ की। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ ने बताया कि मृतक के पिता ने गांव के ही चार लोगों के विरुद्ध तहरीर दी है।
बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सही स्थिति की जानकारी हो सकेगी। उधर, सूत्रों के अनुसार पुलिस ने तहरीर में नामजद किए गए चारों लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
हालांकि पुलिस ने किसी को हिरासत में लेने से इंकार किया है। एसपी पंकज ने बताया कि घटना को लेकर विभिन्न पहलुओं पर नजर है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे कार्रवाई तय की जाएगी।