जलालपुर (अंबेडकरनगर)। जैतपुर के बंदीपुर निवासी हरिप्रसाद (38) का शनिवार सुबह आठ बजे घर के पीछे टीनशेड की पाइप से शव लटका मिलने पर सनसनी फैल गई। मृतक की मां प्यारी देवी के मुताबिक उनका बेटा मोटर मिस्त्री था। बहू उर्मिला बेटे के शराब की आदत से ढाई साल पूर्व नाराज होकर अपने छोटे बेटे को लेकर मायके खरिहानी चली गई थी। तब से वहीं रह रही है। घर पर मृतक का आठ साल का बेटा शिव अपनी दादी व पिता के साथ रहता है। पत्नी के दूर जाने के बाद से हरिप्रसाद शराब अधिक पीने लगा था। शनिवार की सुबह घर से शौच से लौटने के बाद शराब पी और घर के पीछे टीन शेड वाले कमरे में चला गया। कुछ देर बाद मां पियारी देवी बेटे को बुलाने गईं, तो बेटे का शव लटकते देख चीख पड़ी। शोर सुनकर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस की मौजूदगी में शव को नीचे उतारा गया। प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र आजाद ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।